नशीली इंजेक्शन की भारी खेप बरामद,गाड़ी के साथ दो नेपाली तस्कर गिरफ्तार
रक्सौल। आईपीएस हेमंत सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली इंजेक्शन (सुई) की भारी खेप बरामद की है। इस संबंध में श्री सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि मोतिहारी से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सुई लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद सहित अन्य पुलिस बल को शामिल किया गया। टीम द्वारा महदेवा गांव के पास नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर नंबर एपी 28 डीडी/ 9386 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में गाड़ी के तहखाने में छुपाकर रखे गए करीब 12 हजार पीस नौर्फीन, फेनारगन और डायजेपाम-3 इंजेक्शन बरामद किया गया।
मौके से नेपाल के कलैया बारा निवासी जंगी महतो के 34 वर्षीय पुत्र वकील महतो तथा परसा जिला के बीरगंज निवासी देवेन्द्र ठाकुर के 32 वर्षीय पुत्र पूरण ठाकुर को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से कैरियर के रूप में काम कर रहे थे। वे मोतिहारी से रक्सौल होते हुए बीरगंज के रास्ते काठमांडू तक नशीली दवाओं की आपूर्ति करते थे।

