जिला में सफलतापूर्वक संपन्न कराई जाएगी नीट परीक्षा : डीएम
-13 परीक्षा केंद्रों पर 6336 परीक्षार्थी लेंगे भाग मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षकों की संयुक्त ब्रीफिंग संपन्न हुई।
बताया गया कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी )-2026 का आयोजन आगामी 03 मई को होगा। जिला में इस परीक्षा को संपन्न कराने के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर 6336 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा 2 बजे अपराह्न से 5 बजे अपराह्न तक एक पाली में आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने इस महत्वपूर्ण परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार रहित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रतिनियुक्त सभी मजिस्ट्रेट एवं केंद्राधीक्षकों को सभी जरूरी निर्देश दिए। कहां कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी एवं जैमर की व्यवस्था करा लें। केंद्र अधीक्षक परीक्षा केंद्रों के सभी कक्ष में घड़ी की व्यवस्था रखेंगे और समय का मिलान कर लेंगे।
सभी परीक्षा केंद्र पर बिजली की समुचित व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था एवं साफ सफाई पर विशेष ध्यान रखेंगे। स्टेटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल 9 बजे पूर्वाह्न में एलॉटेड परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहेंगे। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों का प्रवेश 11 बजे पूर्वाह्न से 01:30 बजे अपराह्न तक कराया जाएगा।
जिलाधिकारी के द्वारा परीक्षार्थियों का दो लेयर में फ्रीस्किंग का निर्देश दिया गया।पहला मुख्य द्वार से अंदर प्रवेश के समय एवं दूसरा राष्ट्रीय पात्रता एजेंसी के प्राधिकृत पदाधिकारी के स्तर से परीक्षा केंद्र के अंदर फ्रीस्किंग कराई जाएगी। फ्रीस्किंग के बाद सभी परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक लिया जाएगा, तत्पश्चात परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति रहेगी।
परीक्षार्थी प्रवेश पत्र के साथ अपना दो फोटोग्राफ भी साथ लेकर आएंगे। संयुक्त ब्रीफिंग में बताया गया कि परीक्षा के सफल व शांतिपूर्ण आयोजन लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। महिला अभ्यर्थियों की जांच हेतु महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
मोबाइल फोन, घड़ी, अंगूठी, चेन,कान की बाली, बेल्ट, इरेज़र,शार्पनर एवं अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस/ गजट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों को आवंटित रोल नंबर के आधार पर बैठना होगा। ड्यूटी में प्रतिनियुक्त कर्मी/पदाधिकारी/दंडाधिकारी को अपने पास मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को रखने की अनुमति नहीं होगी।
सभी परीक्षा केंद्रों पर 200 गज की परिधि में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 के तहत संपूर्ण परीक्षा अवधि तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। सदर अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की दूरी के अंतर्गत स्थित सभी फोटो स्टेट / साइबर कैफे की दुकान को परीक्षा की तिथि को पूर्वाह्न 8 से संध्या 7 बजे तक के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
परीक्षा केंद्र पर मीडिया के प्रवेश को वर्जित किया गया है।परीक्षा को स्वच्छ एवं निष्पक्ष वातावरण में संचालन को लेकर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। दूरभाष संख्या 06252-242418 पर परीक्षा के दिन कार्यरत रहेगा।
संयुक्त ब्रीफिंग में नगर आयुक्त,सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता, एडीएम विभागीय जांच, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित प्रतिनियुक्त पदाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी एवं सभी केंद्र अधीक्षक उपस्थित थे।

