मीरजापुर के ड्रमंडगंज घाटी में भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत

मीरजापुर के ड्रमंडगंज घाटी में भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत
Facebook WhatsApp

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान के पास बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।हादसे में बोलेरो में सवार आठ लोग जिंदा जल गए, जबकि ट्रक चालक, खलासी और कार चालक की भी मौत हो गई।

मध्य प्रदेश की ओर से चना लादकर मीरजापुर आ रहे ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने पहले कंटेनर को टक्कर मारी और फिर आगे चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो डिवाइडर से टकराकर धू-धू कर जलने लगी। इसके बाद ट्रक ने एक कार को टक्कर मारते हुए गिट्टी लदे ट्रेलर में जा घुसा, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक जय प्रकाश (28) निवासी सोनभद्र की मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो में सवार आठ लोगों, जिनमें दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल थे, आग में फंसकर जिंदा जल गए। ट्रक चालक और खलासी की भी मौत हो गई।

फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पा सकी, तब तक वाहन जलकर खाक हो चुके थे। घटना के बाद जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मृतकों की शिनाख्त में जुटी है।

आंखों के सामने जिंदा जलते रहे लोग प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि लोग चाहकर भी पास नहीं जा सके और उनकी आंखों के सामने ही लोग जिंदा जलते रहे।

सीएम ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

चार घंटे जाम रहा मार्ग

हादसे के बाद वाराणसी-रीवां मार्ग पर करीब चार घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। देर रात एक लेन से यातायात बहाल कराया गया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page