हिन्दूओ के पर्व को लेकर मुस्लिम पर्सनल लाॅ बोर्ड ने 3 अक्टूबर को प्रस्तावित भारत बंद को किया स्थगित
नई दिल्ली। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने वक्फ संशोधन कानून को लेकर पूर्व निर्धारित 3 अक्टूबर के भारत बंद को स्थगित करने की घोषणा की है। बोर्ड ने हिंदूओ के धार्मिक त्योहारों के मद्देनजर लिया है।बोर्ड ने भारत बंद की नई तिथियों की घोषणा जल्द किए जाने की जानकारी दी है।
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता डॉ. सैयद क़ासिम रसूल इलियास ने बताया कि भारत बंद की तारीखों पर ही देश में कुछ हमारे हमवतन भाइयों के धार्मिक त्योहार आयोजित हो रहे हैं। इस कारण मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अध्यक्ष हजरत मौलाना खालिद सैफुल्लाह रहमानी की अध्यक्षता में बोर्ड के पदाधिकारियों की एक आपात बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अध्यक्ष के अलावा महासचिव मौलाना फजलुर्रहीम मुजद्दिदी, प्रवक्ता एवं तहफ़्फ़ुज़-ए-औक़ाफ़ अभियान के राष्ट्रीय संयोजक डा.सैयद कासिम रसूल इलियास समेत बोर्ड के अन्य पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में स्थितियों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया कि 3 अक्टूबर को प्रस्तावित भारत बंद को स्थगित किया जाए। लिहाजा 3 अक्टूबर का भारत बंद स्थगित किया जाता है। इसके साथ ही उन्होेंने बताया कि वक्फ संशोधित विधेयक को लेकर प्रस्तावित भारत बंद की नई तिथियों की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी।
वक्फ़ संशोधन कानून के खिलाफ़ बोर्ड का विरोध आंदोलन पूर्ववत जारी रहेगा और सभी कार्यक्रम निर्धारित तिथियों के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे

