सीवान में दिनदहाड़े CSP संचालक से 9.47 लाख की लूट
सिवान। बिहार के सिवान जिले में अपराधियो ने दिनदहाड़े एक बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम दिया है।अपराधियो ने स्टेट बैंक के सीएसपी संचालक को निशाना बनाते हुए करीब 9 लाख 47 हजार रुपये लूट लिए।
घटना नवीगंज थाना क्षेत्र के बसौली गांव के समीप शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। पीड़ित सीएसपी संचालक गोबिंद कुमार उर्फ प्रिंस कुमार ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह सुबह अपने घर नवीगंज से बाइक से बसौली बाजार स्थित अपनी दुकान जा रहे थे।तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और रुपयों से भरा बैग व मोबाइल के साथ ही बाइक की चाभी छीन लिया।
पीड़ित के अनुसार बैग में करीब 9 लाख 47 हजार रुपये व बैंक से कई आवश्यक कागजात थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश हथियार लहराते हुए बसौली बाजार की ओर फरार हो गए।पीड़ित ने बताया कि सभी अपराधी कम उम्र के थे और उन्होंने अपने चेहरे ढंक रखा था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से लोगो में दहशत का माहौल है। पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

