संदिग्ध मौत मामले में फॉरेंसिक टीम कर रही जांच, जल्द होगा खुलासा
हरसिद्धि। घिवाढार पंचायत के वार्ड संख्या 1 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे संदेहास्पद मानकर गहराई से जांच कर रही है।
मामले के खुलासे के लिए मुजफ्फरपुर से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। टीम का नेतृत्व दरोगा प्रीतम कुमार कर रहे थे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है और हर पहलू की बारीकी से जांच में जुटी है।
फॉरेंसिक अधिकारियों के अनुसार, जिस कमरे में महिला का शव छत से लटका हुआ मिला, वहां यह जांच की जा रही है कि शव किस ऊंचाई पर और किस स्थिति में लटका था। घटना के एंगल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है इधर, मृतका के पिता बटखरी सिंह ने थाने में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है, मामले में जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

