प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार व हरिवंश को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार व हरिवंश को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर दी बधाई
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यसभा के निवर्तमान उपसभापति हरिवंश को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने संदेश में नीतीश कुमार और हरिवंश को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि नीतीश कुमार देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार पर विश्वास जताते हुए कहा कि कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी। अंत में उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने हरिवंश के पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन में अमूल्य योगदान के लिए कहा कि वे एक सम्मानित बुद्धिजीवी और विचारक हैं। उन्होंने अपने गहन विचारों और अंतर्दृष्टि से पिछले कुछ वर्षों में सदन की कार्यवाही को समृद्ध किया है। राष्ट्रपति ने उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। आगामी संसदीय कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं।

उल्लेखनीय है कि, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यसभा के निवर्तमान उपसभापति हरिवंश ने आज राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।

उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने संसद भवन में उनको शपथ दिलाई। 69 वर्षीय हरिवंश का पिछला कार्यकाल 09 अप्रैल को पूरा होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को उनको मनोनीत किया। उच्चतम न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई के राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल पूरा होने के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। राज्यसभा में कुल 12 सदस्यों को राष्ट्रपति मनोनीत करते हैं। इन सदस्यों को कला, साहित्य, विज्ञान, समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के आधार पर चुना जाता है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page