जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई, 14 आरोपी गिरफ्तार
मोतिहारी। तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्रों में हुए जहरीली शराब कांड को लेकर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इस मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कई शराब कारोबारी और उनके सहयोगी शामिल हैं। खास बात यह है कि इस मामले में एक चौकीदार भरत यादव की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा रघुनाथपुर के चौकीदार सुरेश यादव का भाई और कथित शराब कारोबारी रुपेश यादव भी जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार,गिरफ्तार आरोपियों में शराब कारोबारी नागा यादव, उसकी तीन पतोहु आरती देवी, संगीता देवी और रेणु देवी, शराब कारोबारी सुखाड़ी साह, जिम्बू बैठा, पिंकी देवी, रमा देवी और विनय यादव शामिल हैं। सभी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कांड के मास्टरमाइंड बताए जा रहे सुनील साह और कन्हैया यादव को भी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस जांच में इन दोनों की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है, जिनके जरिए जहरीली शराब के निर्माण और सप्लाई का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। सदर डीएसपी दिलीप सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

