धनौती नदी किनारे 53.5 करोड़ की लागत से होगा सड़क एवं पुल का निर्माण
-पथ निर्माण विभाग ने भेजा प्रस्ताव, शीघ्र निविदा की प्रक्रिया होगी पूरी
– आईटीआई से मजुराहां तक मोतीझील पर निर्मित सड़क की तरह बनेगा मार्ग
मोतिहारी। कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग के द्वारा धनौती नदी के किनारे प्रस्तावित सड़क का प्राक्कलन विभाग को समर्पित कर दिया गया है। शीघ्र ही इस पथ के निर्माण की निविदा निकाली जाएगी। इसका निर्माण मोतीझील किनारे की सड़क की तर्ज पर किया जायेगा। निर्माण कार्य आईटीआई कॉलेज के निकट से प्रारंभ होकर नवनिर्मित मजुराहा-कोटवा पुल तक होगा। इसके साथ ही रघुनाथपुर से मोतिहारी के लिए धनौती नदी पर एक नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव भी इसी परियोजना में शामिल है। परियोजना की कुल अनुमानित लागत लगभग 53.5 करोड़ है, जिसमें सड़क निर्माण के लिए 47.5 करोड़ एवं पुल निर्माण हेतु 6 करोड़ प्रस्तावित हैं। यह परियोजना क्षेत्र की यातायात सुविधा एवं विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण साबित होगी।

