कोलंबिया में सैन्य विमान दुर्घटना में कम से कम 66 की मौत

कोलंबिया में सैन्य विमान दुर्घटना में कम से कम 66 की मौत
Facebook WhatsApp

बोगोटा (कोलंबिया)/एजेंसी। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में एक सैन्य विमान दुर्घटना में कम से कम 66 लोगों की मौत हो गई है। कोलंबिया के सशस्त्र बलों के प्रमुख ने यह जानकारी दी है।कोलंबियाई वायु सेना के कमांडर फर्नांडो सिल्वा ने एक्स पोस्ट पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि लॉकहीड मार्टिन हरक्यूलिस सी-130 विमान में 114 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे। हादसे के कारणों की जांच चल रही है। रक्षामंत्री पेड्रो अनुलफो सांचेज ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

स्काई न्यूज की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, रक्षामंत्री पेड्रो अनुलफो सांचेज ने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए लोगों से आग्रह किया है कि जब तक आधिकारिक जानकारी उपलब्ध न हो जाए, तब तक किसी भी तरह की अटकलों से बचें। बताया गया है कि कोलंबिया ने 1960 के दशक से ही सी-130 विमान खरीदना शुरू कर दिया था।

राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने उन लोगों की आलोचना की जो सेना को आधुनिक बनाने की उनकी योजनाओं में रुकावट डाल रहे थे। पेट्रो ने एक्स पर कहा, मैं अब और देरी बर्दाश्त नहीं करूंगा। हमारे युवाओं की जान दांव पर लगी है। अगर नागरिक या सैन्य प्रशासनिक अधिकारी इस चुनौती का सामना करने में सक्षम नहीं हैं, तो उन्हें उनके पदों से हटा दिया जाना चाहिए।

अधिकारियों ने बताया कि इस विमान ने कोलंबिया के दक्षिणी अमेजन क्षेत्र के भीतरी इलाके में स्थित एक हवाई अड्डे से उड़ान भरी। यह हवाई अड्डा पेरू की सीमा पर स्थित है। स्थानीय ब्लू रेडियो के अनुसार, यह हादसा एक व्यस्त शहरी केंद्र से महज दो मील की दूरी पर हुआ। इस विमान ने घने वर्षा वन के ऊपर से उड़ान भरी। इसके बाद दुर्घटना का शिकार हो गया।

इस विमान का इस्तेमाल दुनिया भर की सेनाएं करती हैं। इन्हें सबसे पहले 1950 के दशक में लॉन्च किया गया। कोलंबिया ने 1960 के दशक के आखिर में इसके पहले संस्करण को हासिल किया। पिछले महीने, बोलीवियाई वायुसेना का सी-130 विमान ऑल्टो शहर में क्रैश हो गया था। इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई थी। इस साल कोलंबिया में यह दूसरा विमान हादसा है। जनवरी में देश के उत्तरी हिस्से में एक छोटा यात्री विमान क्रैश हो गया था। हादसे में सभी 15 लोगों की मौत हो गई थी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page