कोटवा में शराब तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई , स्कॉर्पियो सहित विदेशी शराब की खेप जब्त
कोटवा। थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 59.28 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है, साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बताते है कि थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के नजदीक की गई कारवाई में जहां एक स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 750 एमएल की 56 बोतल ब्लेंडर प्राइड विदेशी शराब बरामद हुई। इस दौरान पुलिस ने मौके से आदित्य कुमार को गिरफ्तार किया, जो भोपतपुर थाना क्षेत्र के जसौली जमुनिया का निवासी बताया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई कोटवा बाजार स्थित दुर्गा चौक के समीप की गई, जहां एक स्कूटी की तलाशी में 8 पीएम और ऑफिसर चॉइस ब्रांड की कुल 96 पैक विदेशी शराब बरामद की गई। इसके साथ ही 27,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस मामले में पुलिस ने मनीष कुमार को गिरफ्तार किया, जो कोटवा थाना क्षेत्र के दीपाउ गांव का रहने वाला है। कोटवा थानाध्यक्ष करण सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कुल 59.28 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया है कि गिरफ्तार किए गए तस्करों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क की जानकारी ली जा रही है , जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया जायेगा।

