सुगौली के बंगरा गैस गोदाम पर उमड़ी भारी भीड़,सिलिंडर के लिए लगी लंबी कतारे
-अफरातफरी के बीच पुलिस बुलानी पड़ी, गैस लेने के दौरान एक व्यक्ति की बाइक हुई चोरी
सुगौली। बंगरा स्थित भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर इन दिनों गैस सिलिंडर लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थिति ऐसी हो गई कि सिलिंडर लेने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और भीड़ धीरे-धीरे अनियंत्रित हो गई।
भीड़ बढ़ने के कारण गोदाम परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को बुलानी
पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया, जिसके बाद पुलिस की देख-रेख में गैस का वितरण किया गया।
एजेंसी के प्रोपराइटर बिनोद गुप्ता ने बताया कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन गोदाम पर प्रतिदिन अत्यधिक भीड़ पहुंचने के कारण वाहनों का संचालन बाधित हो रहा है। इसी वजह से गैस की सप्लाई घर-घर तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रही है।
इसी दौरान एक और घटना सामने आई, जहां गैस लेने पहुंचे एक व्यक्ति की बाइक चोरी हो गई। इससे लोगों में और भी नाराजगी देखने को मिली। वहीं बीपी गैस के प्रोपराइटर ने बताया कि सुगौली क्षेत्र में चार मिनी गैस डिस्ट्रीब्यूटर हैं लेकिन सभी बंद पड़े हैं और कहीं भी गैस उपलब्ध नहीं है। ऐसे में केवल सुगौली शहर की एकमात्र भारत गैस एजेंसी के खुले रहने के कारण चारों दिशाओं से लोग यहां पहुंच रहे हैं, जिससे बेतहाशा भीड़ उमड़ रही है।

