सीतामढी में ब्रह्मर्षि सेना के पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या,उपजा तनाव
सीतामढी। जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के लगमा गांव में शुक्रवार को ब्रह्मर्षि सेना के पूर्व जिलाध्यक्ष गणेश शर्मा उर्फ मनोहर शर्मा की सरेआम बीच सड़क पर हत्या कर दी गई।बताया गया कि तीन बदमाश आपचे बाइक पर सवार होकर आये और ताबड़तोड़ गोली चलाकर गणेश शर्मा की हत्या कर मौके से फरार हो गए।
वहीं हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को एनएच 22 स्थित लगमा चौक पर रखकर जाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक एनएच जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। डीएसपी की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। एनएच किनारे होटल में भी तोड़फोड़ की गई।आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचे एसडीपीओ सदर 1 राजीव कुमार सिंह, डुमरा, नगर व गाढ़ा थाना पुलिस को भी खदेड़ दिया।
जिसके बाद मौके पर पहुंची कई थाना की पुलिस ने लोगो पर जमकर लाठियां बरसायी और लोगो को खदेड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है की गणेश शर्मा ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। लेकिन पुलिस प्रशासन ने उसे अनदेखा कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही और निकम्मेपन के कारण जिला मे कई बड़ी घटना हुई है। फिलहाल, गांव का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। यह घटना सीतामढी जिले की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।

