राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर थाना अध्यक्षों के साथ न्यायाधीशों की बैठक 

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर थाना अध्यक्षों के साथ न्यायाधीशों की बैठक 
Facebook WhatsApp

 -अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन पर जोर, सभी से सहयोग की अपील 

-लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी 

मोतिहारी। आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के मद्देनज़र जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतिहारी के तत्वावधान में जिलेभर के सभी थानाध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता पुनीत कुमार तिवारी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, मोतिहारी एवं  नितिन त्रिपाठी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, ने  संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, उद्देश्य एवं अधिकाधिक वादों के निष्पादन पर विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्ष ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया  कि लोक अदालत से संबंधित वादों में नोटिसों की शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित कराएं। उन्होंने  कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

सचिव ने निर्देश दिया कि प्रत्येक वादकारी का मोबाइल नंबर नोटिस की कार्यालय प्रति पर अनिवार्य रूप से अंकित करेंगे,  ताकि आवश्यकतानुसार पक्षकारों से संपर्क स्थापित कर सुनवाई की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके। समयबद्ध एवं प्रभावी तामिला से ही राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सकता है। जबकि निर्णय लिया गया कि जो थानाध्यक्ष आज की बैठक में अनुपस्थित है, उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि लोक अदालत न्याय सुलभता का महत्वपूर्ण माध्यम है, अतः इसमें सभी संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता अपेक्षित है।  बैठक में  राहुल कुमार एवं  गरिमा रानी, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, भी उपस्थित रहीं तथा उन्होंने भी राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतिहारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से उम्मीद जताते हुए कहा कि सभी लोग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण तत्परता एवं गंभीरता के साथ करेंगे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page