27 फरवरी को अतिक्रमणकारियो पर चलेगा प्रशासन का बुलडोजर
-अतिक्रमणकारियों को लाउडस्पीकर से दी गई अंतिम चेतावनी
कोटवा।अंचल प्रशासन ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध लाउडस्पीकर के जरिए अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटा लेने को लेकर आखिरी बार चेतावनी दे दी है। इसके साथ ही 27 फरवरी का तारीख भी तय कर दिया गया है। अगले दो दिन में अतिक्रमण नहीं हटा तो प्रशासन सख्ती अपनाएगा और बुलडोजर के जरिए अतिक्रमण को हटाया जायेगा। पूर्व में नोटिस जारी करने के बाद अब माइक से घोषणा कर अतिक्रमणकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी दुकानें एवं अस्थायी ढांचे को हटाने का निर्देश दिया गया है।
इस बाबत अंचलाधिकारी मोनिका आनंद ने स्पष्ट कहा है कि 27 फरवरी तक स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क से अतिक्रमण तत्काल हटा लें, अन्यथा 27 फरवरी को प्रशासन का बुलडोजर चलाया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि सड़क किनारे अवैध कब्जे के कारण आवागमन बाधित हो रहा है और जाम की समस्या बढ़ रही है। आम लोगों की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक है। अंचल कार्यालय द्वारा लगातार माइकिंग कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें और कठोर कार्रवाई से बचे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि निर्धारित तिथि के बाद किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

