प्रशांत किशोर ने बगहा से शुरू की बिहार नवनिर्माण यात्रा

प्रशांत किशोर ने बगहा से शुरू की बिहार नवनिर्माण यात्रा
Facebook WhatsApp

बगहा। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को बगहा से बिहार नवनिर्माण यात्रा की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार में एक मजबूत, ईमानदार और जवाबदेह राजनीतिक विकल्प खड़ा करना है।इसके लिए संगठन लगातार जनता के बीच जाकर जमीनी स्तर पर काम कर रहा है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भी जन सुराज जनता के बीच सक्रिय रूप से मौजूद है। बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत प्रत्येक जिले में संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पुराने साथियों से मुलाकात करना, नए लोगों को संगठन से जोड़ना और संगठन के ढांचे को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस यात्रा के दौरान वे संगठन के साथियों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे और हर जिले में संगठन के पुनर्गठन पर काम किया जाएगा, ताकि जन सुराज को एक प्रभावी जनआंदोलन के रूप में स्थापित किया जा सके।

इस दौरान प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील करते हुए कहा कि बिहार की महिलाओं को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि शीघ्र दी जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान बिहार सरकार द्वारा महिलाओं को 2 लाख रुपये देने का वादा किया गया था और जन सुराज संगठन घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेगा कि हर महिला को यह राशि मिले।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस वादे को पूरा नहीं करती है, तो यह साफ हो जाएगा कि यह घोषणा केवल चुनावी लाभ के लिए की गई थी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार अपने वादे से पीछे हटती है, तो जन सुराज जनता के साथ मिलकर इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगा।

राजद-कांग्रेस गठबंधन में कथित दरार से जुड़े सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता ने चुनाव के माध्यम से सभी राजनीतिक दलों की भूमिका तय कर दी है। उन्होंने कहा कि जनता ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को सत्ता चलाने का जनादेश दिया है, राजद को विधानसभा में विपक्ष की भूमिका सौंपी है और जन सुराज को समाज के बीच रहकर जनता के मुद्दों पर काम करने की जिम्मेदारी दी है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ जनता द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी को निभा रहा है और आगे भी बिहार के हित में अपना संघर्ष जारी रखेगा।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page