पूर्णिया सांसद की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन,नीतीश कुमार का पुतला फूंका

पूर्णिया सांसद की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन,नीतीश कुमार का पुतला फूंका
Facebook WhatsApp

पटना। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में बिहार प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया।इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राज्य सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार की बेटियों के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और अधिकारों की लड़ाई कांग्रेस पार्टी ने हमेशा लड़ी है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव लगातार नीट छात्रा कांड के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठा रहे थे। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी पूरी तरह निंदनीय है। नेताओं का आरोप है कि यह गिरफ्तारी नीट छात्रा हत्याकांड को दबाने और सच्चाई सामने आने से रोकने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को निरंकुश करार देते हुए मांग की कि छात्रा और उसके परिवार को अविलंब न्याय मिले तथा उन्हें सम्मानपूर्वक न्याय की लड़ाई लड़ने दिया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य की राजग सरकार पुलिस बल के दुरुपयोग के माध्यम से लोगों के संवैधानिक अधिकारों को कुचलने का कुत्सित प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वर्तमान सांसद को आधी रात गिरफ्तार करना लोकतंत्र पर सीधा हमला है और यह सत्ता के दुरुपयोग का स्पष्ट उदाहरण है।

विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीतीश सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए और बच्ची के परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। कांग्रेस पार्टी ने सरकार से मांग की कि इस कथित राजनीतिक प्रतिशोध को तत्काल समाप्त किया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नीतीश कुमार सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी नीतियों का सहारा ले रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

इस विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सिंह सहित रौशन कुमार सिंह, कुमार आशीष, पंकज यादव, असितनाथ तिवारी, मनोज शर्मा, राजीव मेहता, मृणाल अनामय, गुरूदयाल सिंह, कमलदेव नारायण शुक्ला, प्रेमचन्द्र सिंह, दौलत इमाम, विनीता भगत, नदीम अख्तर अंसारी, विमलेश तिवारी, डॉ. अमन कुमार, विशाल यादव, वरुण शर्मा, राजीव रंजन सिंह पप्पू, निशांत करपटने, रंजीत यादव, वसीम अहमद, आरती राय, अजय यादव, मनोज निषाद, अभिषेक कुमार, प्रभात चन्द्रवंशी, अहमद रजा खां सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page