अजीत पवार के निधन पर प्रधानमंत्री समेत देश भर के नेताओ ने जताया शोक

अजीत पवार के निधन पर प्रधानमंत्री समेत देश भर के नेताओ ने जताया शोक
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार की सुबह हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह,कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी,कांग्रेस नेता राहुल गांधी कई नेताओ ने शोक जताया है। नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्हें आमजन का नेता बताया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजित पवार के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि बारामती में हुए इस विमान हादसे से वे अत्यंत दुखी हैं। हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं और इस गहन दुख की घड़ी में उन्हें शक्ति और साहस प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।

प्रधानमंत्री ने अजित पवार को आमजन का नेता बताते हुए कहा कि उनका जमीनी स्तर से गहरा जुड़ाव था और वह महाराष्ट्र की जनता की सेवा में सदैव अग्रणी रहे। प्रशासनिक विषयों की उनकी समझ और गरीब तथा वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के प्रति उनका समर्पण उल्लेखनीय था। प्रधानमंत्री ने उनके असामयिक निधन को अत्यंत चौंकाने वाला और दुखद बताया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर कहा कि एक दुखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनडीए के वरिष्ठ साथी अजित पवार के निधन की सूचना से उनका मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े तीन दशकों में अजीत पवार ने महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए स्वयं को समर्पित रखा। गृहमंत्री ने इसे एनडीए परिवार के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया और पवार परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शोक की इस घड़ी में पूरा एनडीए परिवार शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर कहा कि अजित पवार का आकस्मिक निधन अत्यंत हृदयविदारक है। वर्षों तक साथ काम करने के दौरान उनके साथ उनका गहरा संबंध रहा। उन्होंने अजित पवार को दूरदर्शी प्रशासक, विकासशील सोच वाला नेता और जन-जन से जुड़ने की अद्भुत क्षमता रखने वाला जननेता बताया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर जारी शोक संदेश में कहा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार के असमय निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए समर्पित रहे। वे लोगों के प्रति अपनी करुणा और सार्वजनिक सेवा के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे। मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा कि विमान हादसे में अजित पवार का निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है। उन्होंने इसे एक ऐसे नेता की असमय क्षति बताया, जिनके सामने लंबा और प्रभावशाली राजनीतिक भविष्य था। खरगे ने पवार परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना जताई।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अजित पवार और उनके सहयात्रियों के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस शोक की घड़ी में वह महाराष्ट्र की जनता के साथ खड़े हैं और पवार परिवार तथा प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के बारामती में आज सुबह एक विमान हादसा हुआ। यह हादसा विमान की लैंडिंग के दौरान हुआ, जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र के कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी बारामती की ओर रवाना हो गए हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page