काजीरंगा सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 25 हुई

काजीरंगा सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 25 हुई
Facebook WhatsApp

बालाघाट (असम)। असम के काजीरंगा के रंगाजान में हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएमसीएच) में इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया।मृतकों में एक छात्रा भी शामिल है। असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा ने शुक्रवार को जेएमसीएच का दौरा करने के बाद मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी।

वहीं, घटनास्थल, कोहरा अस्पताल और गोलाघाट अस्पताल में कुल 23 लोगों की मौत होने की जानकारी गोलाघाट के जिला आयुक्त ने दी। इस प्रकार हादसे में मृतकों की कुल संख्या 25 तक पहुंच गई है।

इस बीच, बिश्वनाथ जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह शनिवार को घटनास्थल का दौरा करेंगे। उन्होंने घटना की स्थिति और प्रभावित परिवारों के संबंध में भी जानकारी ली।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है।

प्राप्त अनाधिकारिक जानकारी के अनुसार, जेएमसीएच में करीब 17 घायलों को भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में चल रहा है। हादसे में मारे गए लोगों के शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को गोलाघाट जिला अस्पताल में किया जाएगा।मंत्री डॉ. रनोज पेगू ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए गुवाहाटी और जेएमसीएच से भी चिकित्सकों की टीम गोलाघाट पहुंचेगी। हादसे के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग घायलों के उपचार तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में जुटे हैं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page