बोनस के लिए सुगौली चीनी मिल कर्मियों का प्रदर्शन
-एचपीसीएल प्रबंधन के खिलाफ कर्मचारियों में आक्रोश
सुगौली।त्योहारों के मौसम में बोनस भुगतान की मांग को लेकर एचपीसीएल सुगौली चीनी मिल के स्थायी एवं सीजनल कर्मचारियों ने गुरुवार को मिल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने मिल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
इस दौरान जल्द बोनस भुगतान करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन यूनिट हेड नीरज गुप्ता को सौंपा। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है,कि त्योहारों के अवसर पर बोनस देना उनका जायज अधिकार है, लेकिन बावजूद इसके सुगौली चीनी मिल प्रबंधन की ओर से अबतक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई है।
कर्मचारियों ने कहा कि पूर्वी एवं पश्चिम चंपारण की कई अन्य चीनी मिलों में कर्मचारियों को बोनस का भुगतान किया जाता है, लेकिन सुगौली मिल कर्मियों को इस लाभ से वंचित रखा जा रहा है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों ने मिल के यूनिट हेड नीरज गुप्ता पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। वहीं, एचपीसीएल के मुख्य मानव संसाधन प्रबंधक रवि कुमार के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जाहिर की है।
कर्मचारियों का आरोप है कि उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता है। कर्मचारियों ने प्रबंधन से मांग किया है कि अन्य चीनी मिलों की तर्ज पर सुगौली मिल के कर्मियों को भी अविलंब बोनस का भुगतान किया जाए, ताकि वे त्योहार खुशी के साथ मना सकें।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर प्रबंधन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। प्रदर्शन में मुन्ना खां, अशोक तिवारी, सुनील कुमार, धर्मेंद्र तिवारी, कमलेश, शॉर्ट श्रीवास्तव, रमेश सिंह, विकास कुमार, रंजीत श्रीवास्तव और सोनू पासवान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल थे।

