आवास प्लस योजना की प्राथमिकता सूची से वंचित परिवारों का बीडीओ ने किया जांच
संग्रामपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड की उत्तरी मधुबनी पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित पासवान टोला महादलित बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2024 (2.0) की प्रारूप प्राथमिकता सूची से वंचित पात्र परिवारों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार, संग्रामपुर एवं ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक संबंधित बस्ती में पहुंचकर वंचित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आवास योजना के लिए पात्र परिवारों की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया गया, ताकि योग्य लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बताया गया कि यह निरीक्षण जिलाधिकारी के आदेश के आलोक में किया गया। इसमें उत्तरी मधुबनी पंचायत के मुखिया रवि कुमार सहित आम लोगों की सहभागिता रही। निरीक्षण का उद्देश्य आवास प्लस 2024 (2.0) की प्रारूप प्राथमिकता सूची से छूटे पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजना के दायरे में लाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।

