विकसित बिहार के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम : डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह

विकसित बिहार के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम : डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह
Facebook WhatsApp

– भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह, ‘कौन बनेगा स्वच्छता सेनानी’ प्रतियोगिता का लोकार्पण

मोतिहारी। भारत स्काउट एवं गाइड, पूर्वी चम्पारण तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मोतिहारी नगर भवन में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं सवर्ण आयोग के अध्यक्ष डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में विकसित बिहार के निर्माण, युवाओं की भागीदारी, शिक्षा के विस्तार, स्वच्छता अभियान और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ भोजनालय एवं स्वच्छ शौचालय की थीम पर आधारित ‘कौन बनेगा स्वच्छता सेनानी’ प्रतियोगिता का लोकार्पण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह ने युवाओं, किसानों तथा सवर्ण आयोग के माध्यम से किए गए कार्यों की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार के निर्माण के लिए युवाओं को आगे आने का समय है। युवाओं में अपार ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता है। यदि इस शक्ति का सकारात्मक उपयोग समाज और राष्ट्र के निर्माण में किया जाए, तो बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।

डॉ. सिंह ने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और जनहित के कार्यों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के माध्यम से बिहार के भविष्य को मजबूत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में भारत स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्य आयुक्त रत्नेश्वरी शर्मा ने ‘कौन बनेगा स्वच्छता सेनानी’ प्रतियोगिता का लोकार्पण करने के लिए डॉ.  सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ समाज की बुनियाद है। स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ भोजनालय और स्वच्छ शौचालय की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को अभियान से जोड़ना जरूरी है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करेंगी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से स्वच्छता को सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास सराहनीय है।

समारोह में विराट रामायण मेडिकल कॉलेज, मोतिहारी के संस्थापक आलोक शर्मा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कहा कि शिक्षा के विकास से ही बिहार का सर्वांगीण विकास संभव है। किसी भी समाज की प्रगति का आधार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जागरूक युवा पीढ़ी होती है। उन्होंने कहा कि बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रयास करने होंगे। शिक्षित युवा न केवल अपने भविष्य का निर्माण करते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

शिक्षा के प्रसार से सामाजिक जागरूकता, आत्मनिर्भरता और विकास की संभावनाएं बढ़ती हैं। समारोह में विराट रामायण मेडिकल कॉलेज के संस्थापक आलोक शर्मा के साथ अधिवक्ता राजीव कुमार दुबे, नरेंद्र देव और कन्हैया सिंह को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में स्वतंत्रता सेनानी के उत्तराधिकारियों को अशोक वर्मा एवं कौशल किशोर पाठक के नेतृत्व में एवं व्यास प्रसाद सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों को सम्मानित किया गया। महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। स्काउट एवं गाइड के बच्चों को स्वच्छता प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागी प्रमाण पत्र दिया गया।कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

आयोजक मंडल के सदस्यों के रूप में व्यास प्रसाद सिंह, राजीव कुमार,  मुरारी पांडेय, कुन्दन कुमार मधुकर, महात्मा ज्ञानुतानंद, गोलू सिंह, कौशल ठाकुर एवं केशव कृष्ण थे । मंच का संचालन अखिल भारतीय भूमिहार ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष  मनीष कुमार शेखर ने किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page