अमित शाह ने यमुना पुनरुद्धार के लिए 8,941 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया

अमित शाह ने यमुना पुनरुद्धार के लिए 8,941 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की 43 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास श्याम विहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया।इन परियोजनाओं की कुल लागत 8,941 करोड़ रुपये है। इनमें 10 परियोजनाओं का लोकार्पण (2,827.11 करोड़ रुपये) और 33 परियोजनाओं का शिलान्यास (6,114.11 करोड़ रुपये) शामिल है।

अमित शाह ने कहा कि यमुना को निर्मल बनाकर 2029 में वोट लेने आएंगे। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आआपा) ने तीस सालों में यमुना में गटर का पानी और गोबर छोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज यमुना को शुद्ध करने के उद्देश्य से लगभग 9,000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। ये परियोजनाएं यमुना की सफाई के लिए रीढ़ की हड्डी का काम करेंगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकार बनने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले ही महीने में एक बड़ी बैठक बुलाई थी। उन्होंने दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के सामने यमुना को शुद्ध करने का अपना विजन रखा। इतने कम समय में हमने इस लक्ष्य की दिशा में 40 फीसद से अधिक का सफर तय कर लिया है।

इन परियोजनाओं में अपशिष्ट जल (वेस्ट वॉटर) के उपचार और पेयजल से जुड़ी ओखला में नया 124 एमजीडी एसटीपी (1,161 करोड़ रुपये), 8 एसटीपी का उन्नयन (1,041 करोड़ रुपये), बाहरी दिल्ली में 29 नए डीएसटीपी और सीवेज पंपिंग स्टेशन (3,113.67 करोड़ रुपये), 1,034 किमी सीवर नेटवर्क (1,691 करोड़ रुपये), चंद्रावल में 477 एमएलडी जल शोधन संयंत्र (298.3 करोड़ रुपये) और 4.5 किमी लंबा मुंडका ट्रंक ड्रेन (225.02 करोड़ रुपये) परियोजनाएं शामिल है।

विपक्ष के आंदोलन को लेकर अमित शाह ने कहा कांग्रेस नेता राहुल गांधी वोट चोरी का बहाना बनाकर असल में घुसपैठियों के वोटों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।उन्होने कहा कि कांग्रेस गुजरात में 41 साल और दिल्ली में 18 साल चुनाव नहीं जीती है। तीस साल तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रहेगी। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि हर छह महीने में मुझे विदेश नहीं जाना पड़ता है। कांग्रेस की सरकार कभी नहीं बनेगी। यमुना की सफाई के लिए आप ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि धरना प्रदर्शन से कुछ नहीं होता है, जनता का दुख-दर्द दूर करने और काम करने से सत्ता मिलती है।

अमित शाह ने कहा कि आआपा सरकार के दौर में पंजाब में नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ा है। जनता ने राजग की सरकार लाने का फैसला कर लिया है। केजरीवाल, बहाने काम नहीं आएंगे, नतीजे चाहिए। दिल्ली हारने के बाद आपने अपना ध्यान पंजाब की ओर लगा दिया है, जिससे वहां मुख्यमंत्री के काम में बाधा आ रही है। उन्होंने ने कहा चुनाव में पंजाब में आआपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। हम 2029 तक पंजाब से नशीले पदार्थों के कारोबार को खत्म कर देंगे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page