बंजरिया के युवक की शिवहर में हुई संदिग्ध मौत
मोतिहारी। बंजरिया थाना क्षेत्र के अजगरी पंचायत के चुरिहरवा टोला निवासी जितेंद्र शर्मा की शिवहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह महानवमी की रात शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र के बसंत बाजार चौक पर आयोजित एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में शामिल होने गया था। जहां उसकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई।
मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उसका शव शिवहर में पोस्टमार्टम कराकर मंगलवार की रात अपने घर पहुंचे। जितेंद्र की मौत की खबर गांव में मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। गांव में दुर्गा पूजा को लेकर उत्सव का माहौल था, लेकिन इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। बताया जाता है कि जितेंद्र शर्मा अपने परिवार का अकेला सहारा था। वह लंबे समय से यूट्यूब व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर रील्स बनाता था। उसके परिवार में उसके बूढ़े पिता, पत्नी सहित तीन बेटियां और तीन बेटे हैं। परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी अचानक मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
मामले को लेकर मृतक की पत्नी रूमा देवी ने अपने पति का गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पत्नी ने बताया कि जितेंद्र बंगलुरु में रहकर काम करता था। वहीं गोढ़वा के आर्केस्ट्रा मालिक ने फोन पर आर्केस्ट्रा में काम करने के लिए बुलाया था । जिसको लेकर उसकी पत्नी ने अभी बंगलुरु से आने के बजाए छठ में आने के लिए कहा था। मगर वह अपनी पत्नी की बात नहीं मान ऑर्केस्ट्रा में काम करने के लिए बंगलुरु से चला आया था।जिसके बाद यह दुखद घटना सामने आया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

