श्रीबाबू के आदर्शों पर चलकर ही बिहार के विकास को मिलेगी नई दिशाः शर्मा
-बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह सेवा मंडल के तत्वावधान में श्रद्धा सुमन अर्पित
मोतिहारी। बिहार केसरी एवं बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139 वीं जयंती के अवसर पर श्रीकृष्ण सिंह सेवा मंडल के तत्वावधान में श्रीकृष्ण सिंह के आदम कद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांसुमन अर्पित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा मंडल के अध्यक्ष राय सुन्दर देव शर्मा ने की।
उक्त अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि श्रीबाबू का व्यक्तित्व, कृतित्व और दूरदर्शी नेतृत्व बिहार के इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने आधुनिक बिहार की आधारशिला रखने में महत्वपूर्ण शिल्पकार की भूमिका निभाई। श्रीबाबू ने सामाजिक न्याय, औद्योगिक विकास, शिक्षा के विस्तार और जनकल्याण को प्राथमिकता देकर बिहार को नई पहचान दिलाई।
आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों और आदर्शों को केवल स्मरण तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने आचरण और सामाजिक जीवन में भी उतारें। अधिवक्ता राजीव कुमार द्विवेदी उर्फ पप्पू दूबे ने कहा कि श्रीबाबू का जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, निर्भीक नेतृत्व और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि श्रीबाबू ने अपने कार्यों से यह साबित किया कि मजबूत इच्छाशक्ति, स्पष्ट दृष्टिकोण और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। उनकी जयंती मनाने की सार्थकता तभी है, जब हम उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए कार्य करें।
ललन राय ने कहा कि श्रीबाबू का योगदान बिहार के राजनीतिक एवं सामाजिक इतिहास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। प्रो. शशिकांत राय ने कहा कि श्रीबाबू का जीवन भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। शिक्षा, सामाजिक चेतना और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किया जाना चाहिए।
उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही एक जागरूक, शिक्षित और प्रगतिशील समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर विजय पांडेय, प्रेम सिंह, राकेश मिश्रा, नीरज शर्मा, आनंद कुमार सिंह, राजेश सिंह, राय राहुल शर्मा, राय रोहित शर्मा, पप्पू सिंह, अधिवक्ता आलोक चन्द्र , अधिवक्ता बाबुल पांडेय, निरंजन कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, अभय ठाकुर ,देवेंद्र सिंह,अधिवक्ता अंकित कश्यप सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

