सड़क हादसा में बाइक सवार देवर-भाभी की मौत, पति एवं मासूम बच्ची घायल
चकिया। थाना क्षेत्र के एनएच 27 पर रविवार को न्यू बाईपास के निकट खड़ी ट्रक में पीछे से बाइक के टकराने से बाइक सवार देवर-भाभी की मौत हो गई, जबकि पति और तीन वर्षीय बच्ची घायल है।
मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कथैया थाना क्षेत्र के जसौली काटा निवासी पूनम देवी(35) पति रविन्द्र राम एवं देवर जय प्रकाश राम (25) पिता सुरेश राम के रूप में हुई है जबकि घायलों में मृतका के पति रविंद्र राम और उनकी पुत्री अंशिका कुमारी उम्र (3 ) बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, एक ही बाइक पर चारों लोग सवार होकर अपने घर जसौली काटा से ससुराल पिपरा थाना क्षेत्र के सीताकुंड जा रहे थे। इसी दौरान उक्त स्थान पर पूर्व से खड़ी बालू लदी ट्रक में पीछे से टकराने से यह दुर्घटना हुई। परिजनों ने बताया कि मृतका की 2008 में शादी हुई थी,जिसे तीन पुत्री एवं पुत्र है। घायल पुत्री सबसे छोटी बताई जाती है। पुलिस ने दोनों शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज अग्रेतर करवाई में जुटी है।

