पूजा पंडालों का डीएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
हरसिद्धि। दुर्गापूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा ने रविवार को हरसिद्धि बाजार स्थित आदर्श दुर्गा पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पूजा समिति के पदाधिकारियों से बातचीत कर शांतिपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
डीएसपी ने बताया कि हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों का निरीक्षण कर पूजा समिति के अध्यक्ष एवं सचिव से संपर्क किया जा रहा है। सभी समितियों को शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गापूजा संपन्न कराने तथा किसी भी तरह की अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल स्थानीय थाना को सूचना देने का निर्देश दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख पूजा पंडालों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा ने थानाध्यक्ष सुनील कुमार को निर्देश दिया कि नवमी और दशमी के दिन ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग हरसिद्धि बाजार में खरीदारी करने और मेला देखने पहुंचेंगे। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। बाजार एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना है। किसी भी तरह की समस्या या अप्रिय घटना की आशंका होने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने आदर्श मां दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार ब्याव से भी बातचीत की। समिति अध्यक्ष ने बताया कि पूजा समिति द्वारा कमेटी गठित कर शांतिपूर्ण माहौल में पूजा की तैयारी की गई है। समिति के सदस्य व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय हैं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अंचल निरीक्षक अजय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, दरोगा प्रीतम कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

