दरभंगा में दो साल की मासूम के साथ दरिंदगी,हालत नाजुक
दरभंगा। जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है।जहां केवटी थाना क्षेत्र में एक 48 वर्षीय व्यक्ति ने दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर है। उसका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।
पुलिस ने त्वतरित कारवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।परिजनो के अनुसार, आरोपित बच्ची को कुरकुरे खिलाने और मेला दिखाने का झांसा देकर उसकी मां की गोद से ले गया था। काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर स्वजन को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के बाद पता चला कि आरोपित बच्ची को गांव के पास स्थित एक आम के बगीचे में ले गया था, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर आरोपित उसे पड़ोसी गांव के एक ग्रामीण चिकित्सक के पास ले गया। बाद में वह उसे किसी रिश्तेदार के घर छिपाने ले जाने की कोशिश कर रहा था।इसी दौरान ग्रामीणों और परिजनो ने आरोपित को बच्ची के साथ पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद केवटी थाना को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केवटी पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसे सरकारी एंबुलेंस से देर रात डीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी और एसडीपीओ सदर-टू, कमतौल शुभेन्द्र कुमार सुमन ने भी गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बच्ची के परिजनो से जानकारी ली है।
केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि आरोपित विष्णुदेव सदाय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपित मूल रूप से धोबीगामा का निवासी बताया गया है और पीड़िता के गांव में रहकर मजदूरी करता था।

