मनोकामना माता मंदिर में मेले की तैयारियों का डीएम व एसपी ने लिया जायजा

मनोकामना माता मंदिर में मेले की तैयारियों का डीएम व एसपी ने लिया जायजा
Facebook WhatsApp

-पूजा-अर्चना के बाद सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

-मेला समिति, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

चिरैया। दुर्गापूजा के अवसर पर गोढ़िया स्थित सिद्धपीठ मनोकामना माता मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी सुमन सौरभ एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात मंदिर पहुंचे और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और मेला समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम व एसपी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मत्था टेका। इसके बाद पुलिस टीम के साथ मंदिर परिसर और आसपास के मेला क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, साफ -सफाई रौशनी और आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने मेले में बच्चों के लिए खिलौने भी खरीदे।

बता दें कि चिरैया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हराज नुरुल्लाहपुर पंचायत के गोढ़िया गांव स्थित मनोकामना माता मंदिर में दुर्गापूजा के दौरान बिहार के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मेले को लेकर झूले, खिलौने की दुकानें तथा खेल-तमाशे सहित मनोरंजन के विभिन्न साधन लगाए गए हैं।  मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि माता के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होने पर भक्त रुपये की माला चढ़ाकर अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।

मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा संबंधी तैयारियां महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। मौके पर सिकरहना एसडीएम विजय कुमार, डीएसपी अभिषेक कुमार, एलआरडीसी सुनिधि, सीओ सुमन सौरभ, बीडीओ डॉ. संजय कुमार, आरओ श्रीनिवास प्रसाद, शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page