दुर्गा पूजा को लेकर रक्सौल पुलिस अलर्ट
-शहर के चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों से पुलिस की बाइकर्स टीम, शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने का दिया संदेश
रक्सौल। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने को लेकर रक्सौल पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इस क्रम में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया। इसके माध्यम से पुलिस ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
मोटरसाइकिल रैली स्थानीय थाना परिसर से शुरू हुई। पुलिसकर्मियों का काफिला शहर के मुख्य पथ होते हुए बाटा चौक, स्टेशन रोड, ब्लॉक रोड, कौड़ीहार चौक, लक्ष्मीपुर, कोइरिया टोला सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं मोहल्लों से गुजरा। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस पहल को दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर शहर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। रैली के माध्यम से पुलिस ने यह संदेश दिया कि त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजन को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में आम नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
पुलिस की सक्रियता का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। रैली में एसआई रवि कुमार, विकास कुमार पासवान, दीनदयाल प्रसाद, जेबा प्रवीन, शंभू कुमार, अंशुली आर्य, आशुतोष कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।

