हाजीपुर से चोरी ट्रांसपोर्ट सामान लदी पिकअप मामले में तुरकौलिया मे छापेमारी, गब्बर यादव पकड़ाया 

Facebook WhatsApp

तुरकौलिया। वैशाली जिले के हाजीपुर पासवान चौक से ट्रांसपोर्ट का सामान लदी पिकअप चोरी करने के मामले में हाजीपुर औद्योगिक थाना की पुलिस ने तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर करमवा गांव में छापेमारी कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान वीरेंद्र यादव के पुत्र गब्बर यादव के रूप में हुई है। छापेमारी में तुरकौलिया थाना पुलिस के साथ हाजीपुर औद्योगिक थाना की पुलिस शामिल थी। गिरफ्तारी के बाद हाजीपुर औद्योगिक थाना की पुलिस गब्बर यादव को अपने साथ ले गई।

हाजीपुर औद्योगिक थाना के थानाध्यक्ष अरविंद पासवान ने बताया कि 20 अगस्त 2026 की रात पासवान चौक, हाजीपुर से एक पिकअप वाहन चोरी हो गया था। पिकअप पर ट्रांसपोर्ट का सामान लदा हुआ था। इसमें जूता-चप्पल, दवाइयां समेत अन्य सामान शामिल थे। घटना के बाद पिकअप चालक बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के दुधौरा निवासी रविन्द्र राम ने हाजीपुर औद्योगिक थाना में आवेदन दिया था।

आवेदन के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को गब्बर यादव के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद हाजीपुर औद्योगिक थाना की पुलिस ने तुरकौलिया थाना पुलिस के सहयोग से जयसिंहपुर करमवा गांव में छापेमारी की। पुलिस टीम ने गब्बर यादव को उसके घर से पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान चोरी किए गए ट्रांसपोर्ट के कुछ सामान भी उसके घर से बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में जूता-चप्पल और दवाइयां समेत अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस अब बरामद सामान का मिलान पिकअप में लदे सामान से कर रही है।

पूछताछ के दौरान गब्बर यादव ने चोरी की पिकअप गाड़ी को कहीं बेच दिए जाने की जानकारी दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पिकअप किसे और कहां बेची गई है। वाहन की बरामदगी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page