दुर्गा पूजा को लेकर सुगौली प्रखंड क्षेत्र में भक्तिमय माहौल
सुगौली। मां दुर्गा के आगमन को लेकर विभिन्न पूजा समितियों की ओर से हर्षोल्लास के साथ डोली यात्रा और शोभायात्रा निकाली गईं। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु जय माता दी और जय मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ बेल पूजन के लिए निकले। परंपरा के अनुसार बेल वृक्ष की विधिवत पूजा-अर्चना की।
तत्पश्चात मां दुर्गा के आसन को आमंत्रित कर पूजा स्थल पर लाया गया। शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए गांवों का भ्रमण करती हुई पूजा स्थल पर पहुंची। इस दौरान महिलाओं, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर झूमते-थिरकते नजर आए।
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा का नेत्र खुलते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के अलौकिक स्वरूप का दर्शन कर भक्त निहाल हो उठे। सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। भक्तों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जबकि प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भव्य और आकर्षक पंडालों का निर्माण कराया गया है। प्रतिमाओं और मंडपों की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मां का नेत्र पट खुलने के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया। पूजा पंडालों में मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। पूजा के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर मेले, खेल-तमाशे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।

