मां का पट खुलते ही पूजा पंडालों में उमड़ने लगी भीड़
-सप्तमी से दशमी तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पूजा पंडालों में तैनात रहेंगे पुलिस बल
हरसिद्धि। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा का पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पट खुलने के बाद पूजा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। हजारों की संख्या में श्रद्धालु, युवा और महिलाएं पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन कर रहे हैं और जयकारे लगा रहे हैं। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
वहीं, दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए हरसिद्धि पुलिस पूरी तरह सतर्क है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, अपर अक्षय कुमार सहित पुलिस पदाधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
-पूजा पंडालों में तैनात रहेंगे पुलिस बल
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सप्तमी से लेकर दशमी तक पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। सभी प्रमुख पूजा पंडालों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिन स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, वहां भी अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो।
हरसिद्धि बाजार में भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। बाजार में वाहन चालकों और आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं हो। थानाध्यक्ष ने कहा कि दुर्गापूजा को हर हाल में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

