या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता… , माता का पट खुलते हुए जयघोष से गुंजयमान हुआ वातावरण

या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता… , माता का पट खुलते हुए जयघोष से गुंजयमान हुआ वातावरण
Facebook WhatsApp

-महा सप्तमी को जिले भर में भगवती के सातवें स्वरूप कालरात्रि का हुआ पूजन

-दूधिया रोशनी, रंगीन बिजली बत्ती से नहाया शहर , देर रात तक लोग माता के स्वरूप का किए दर्शन

-पूजा समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने की कसा लिया है कमर

मोतिहारी। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा बड़े ही श्रद्धा भक्ति व उल्लास के साथ समूचे जिले में की गई। देवी दुर्गा का पट विधि विधान पूर्वक पूजा पाठ के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया।

भव्य पंडालो में स्थापित देवी दुर्गा की अलौकिक प्रतिमाओ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। अष्टमी,नवमी और विजयदशमी तीन दिनों तक देवी दुर्गा की अलौकिक दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। फलस्वरुप पूजा समिति और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं।

महिला पुरुष के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग बनाए गए हैं, जिससे किसी को परेशानी ना हो पाए। पंडालों में सुशोभित देवी दुर्गा सहित अन्य देवी देवताओं की मूर्ति श्रद्धालुओं के मन को मोहने लगी है। खासकर संध्या आरती के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। मां की आरती उतारने की लालसा सभी श्रद्धालुओं में देखी गई। शक्ति स्वरूपा देवी दुर्गा के भक्तों में जो आस्था विश्वास है उसका अद्भुत नजारा देखते ही मिल बन रहा है। दूसरी ओर शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक होने वाले दुर्गा पूजा के अवसर पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने एवं विधि व्यवस्था बहाल रखने के ख्याल से प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

जगह-जगह मजिस्ट्रेटों के नेतृत्व में पुलिस बल सहित महिला पुलिस बल मुस्तैदी के साथ तत्पर हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस की बाइकर्स टीम, क्विक रिस्पांस टीम सादे लिबास में पुलिस लगातार विधि व्यवस्था बहाल रखने में जुटे हुए हैं।

मोतिहारी शहर के प्रमुख बलुआ चौक, राजा बाजार, कचहरी चौक, बड़ा बरियारपुर अवस्थित राजमार्ग, छतौनी चौक, बेलही माता मंदिर, मीना बाजार सब्जी मंडी, द्वार देवी मंदिर, बंगाली पूजा समिति, हिंदी बाजार, पंच मंदिर चौक कुंवारी देवी चौक, जानपुल चौक, ज्ञान बाबू चौक, चांदमारी दुर्गा मंदिर, स्टेशन चौक सहित अन्य जगहों पर देवी दुर्गा की पूजा बड़े ही धूमधाम से हो रही है।

वही मंदिरों की बात की जाए तो आनंद धाम मंदिर कचहरी चौक, बैरिया मां देवी, चाटी माई , अगरवा देवी माई , सपही देवी स्थान श्रीकृष्णगर सहित कई देवी मंदिरों में पूर्व से पिंड या मां की मूर्ति स्थापित है। वैसे पवित्र मंदिरो में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पूजा अर्चन को पहुंच रहे है। यूं कहे की माता के प्रति आस्था उमडने वाली भीड़ पर भारी पड़ने लगी है।

कल अष्टमी तिथि है , प्राय देखा गया है कि अष्टमी नवमी को श्रद्धालुओं का सैलाब सड़क पर उतरकर देर रात तक माता की अलौकिक प्रतिमा का दर्शन कर धन्य धन्य होते हैं। फल स्वरुप भक्तों के सैलाब को संभालने के लिए पूजा समिति सहित प्रशासन के लोग भी पूरी तरह से तैयार हैं।

इस अवसर पर पूजा पंडालो के आसपास मेला जैसा दृश्य बन गया है। जिसमे खिलौने, पकवान, लजीज व्यंजनो की दुकानें सज गई है। वही घरों में भी लोग व्यापक संख्या ने देवी दुर्गा के पूजन में लीन है। शारदीय नवरात्र के सप्तमी मेला का आनंद लोगों ने देर रात तक उठाया। शहर की सजावट इस कदर हुई है कि ज्यादातर लोगों को पता भी नहीं चल पाया कि उनकी आधी रात कैसे गुजर गई।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page