नाेएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध अवस्था में मौत, फूड प्वाइजनिंग की आशंका

नाेएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध अवस्था में मौत, फूड प्वाइजनिंग की आशंका
Facebook WhatsApp

नोएडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गाैतमबुद्धनगर नाेएडा में थाना रबूपुरा क्षेत्र के ग्राम नगला श्री पदम में रहने वाले एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।पुलिस को आशंका है कि उनकी मौत फूड पॉइजनिंग के चलते हुई है।

पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह थाना रबूपुरा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नगला श्री पदम निवासी एक ही परिवार के पांच सदस्यों महेश (37) पुत्र कृष्णा, ललित (35) पत्नी महेश, लड्डू (11) पुत्र महेश, मिष्टी (07) पुत्री महेश, साक्षात (03) पुत्र महेश मृत अवस्था में अपने घर पर पड़े हैं।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस व फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची।उन्होंने बताया कि फील्ड यूनिट, फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किये जा रहे हैं। मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजन का लग रहा है। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया है कि मृतकों ने रात को नूडल्स खाया था। उसके बाद सुबह को मृत अवस्था में मिले हैं। उन्होंने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर अग्रिम विधि कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के चलते ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। लोगों में तरह-तरह की चर्चा है। घटना की सूचना पाकर मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page