राजस्थान : भोपाल से खाटूश्याम जा रही मिनी बस नाले में गिरी, 8 की मौत और कई घायल

राजस्थान : भोपाल से खाटूश्याम जा रही मिनी बस नाले में गिरी, 8 की मौत और कई घायल
Facebook WhatsApp

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। 25 से अधिक यात्रियों से भरी एक मिनी बस (टेम्पो ट्रैवलर) अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी।हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सीटों के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए आसपास के ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मौत गई है। घायलों को जिला मुख्यालय लाया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब छह बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर दूर हुआ। टेम्पो ट्रैवलर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से खाटूश्याम के दर्शन के लिए जा रहा था। इसमें 25 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें कई लोग मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

अचानक बस पुलिया से नीचे नाले में गिर गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के कांच तोड़े गए। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें निकालने में काफी समय लगा।

सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

कोटा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन के अनुसार, हादसे में मृतकों और घायलों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू के नाम सामने आए हैं। बस चालक की भी मौत हो गई है। इस तरह हादसे में कुल आठ लोगों की जान गई।घायलों में वंदिता, अजय गावंडे, वेदांत झरबड़े, मोहनिस झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ और सारांश सहित अन्य यात्री शामिल बताए गए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों को प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई होगी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page