एलपीजी गैस कटिंग करते चार गिरफ्तार, सैकड़ों सिलेंडर जब्त
मधुबन। पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान देहली पंचायत सरकार भवन के पास से एलपीजी गैस की चोरी कर कालाबाजारी करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से भरा और खाली सैकड़ों सिलेंडर, गैस निकालने के उपकरण, ट्रक और अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि देहली गांव में बीती रात एलपीजी सिलेंडर लदा छह चक्का ट्रक संदिग्ध अवस्था में खड़ा था। जांच में चार व्यक्ति भरे हुए सिलेंडर से गैस निकालकर खाली सिलेंडर में भरते मिले। पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। तलाशी में ट्रक के केबीन से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की खाली बोतलें और 1.05 लीटर शराब भी मिली। पूछताछ में सभी ने गैस चोरी कर कटिंग और कालाबाजारी की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देहली गांव निवासी बृजेश पासवान, धर्मेन्द्र पासवान, अरविन्द पासवान और ईशान कुमार के रूप में हुई है। बरामद सामान में 14.2 किलो वाला 350 भरा सिलेंडर, 355 खाली सिलेंडर, गैस निकालने वाला छोटा-बड़ा नोजल, इंडियन ऑयल के लोगो वाला 98 पीस सील, 750 एमएल रॉयल स्टैग और इंपीरियल ब्लू की बोतलें तथा ट्रक शामिल है।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय, पुअनि रोहन कुमार, पुअनि शत्रुजीत यादव, पुअनि कन्हैया लाल और सशस्त्र बल शामिल थे।

