आवास प्लस सूची से वंचित पात्र परिवारों का बीडीओ ने ली जानकारी
-अब पात्र परिवारों को सूची में शामिल होने का मिलेंगे अवसर
संग्रामपुर। जिला पदाधिकारी के आदेश के आलोक में शुक्रवार को संग्रामपुर प्रखंड की उत्तरी बरियारिया पंचायत के वार्ड संख्या 5, 10 और 14 स्थित दलित-महादलित बस्तियों में पात्र परिवारों का निरीक्षण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2024 (2.0) की प्रारूप प्राथमिकता सूची से वंचित रह गए पात्र परिवारों की स्थिति की जांच प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने की।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा सूची से वंचित पात्र परिवारों के संबंध में दी गई जानकारी के आधार पर विभिन्न परिवारों की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान आवास योजना की पात्रता से संबंधित पहलुओं की जांच की गई, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
मौके पर मुखिया प्रतिनिधि पप्पू कुमार महतो और ग्रामीण आवास पर्यवेक्षक भी मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में रिंकू देवी, आशा देवी, सुनीता देवी और सुगी देवी सहित अन्य परिवारों की जांच की गई।इस पहल से आवास योजना की प्रारूप सूची से छूटे जरूरतमंद परिवारों में उम्मीद जगी है। अब जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिससे पात्र परिवारों को सरकारी आवास योजना का लाभ मिल सके।

