विवाद में बीटेक के छात्र पर चाकू से हमला,गंभीर
मोतिहारी। शहर में एक बार फिर से बेखौफ अपराधियों को पुलिस का भय नहीं रह गया है। दरअसल नगर थाना क्षेत्र के श्रीकृष्ण नगर मोहल्ले का मामला देखते हुए यही प्रतीत ही रहा है कि अपराधी बेलगाम हो गए है। बताया गया है कि मोहल्ले में एक बदमाश ने बीटेक के छात्र के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल ही गया। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित छात्र की पहचान श्रीकृष्ण नगर निवासी शशिभूषण सिंह के पुत्र शाहिल कुमार के रूप में हुई है। उसी मोहल्ले के एक युवक ने किसी बात को लेकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। चाकू के कई वार शाहिल के गर्दन, चेहरे और सीने पर लगे, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा, आसपास के लोग जबतक कुछ समझ पाते और मौके पर पहुंचते, तबतक हमलावर अपनी बाइक वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल राजीव कुमार दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से हमलावर की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। हालांकि, घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि अपराधी शीघ्र गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

