पीएम आवास में छूटे पात्र के नाम सूची में जोड़ें:डीएम
-भूमिहीन परिवारों से प्राप्त आवेदनों की शीघ्र जांच कर भूमि उपलब्ध कराएं
सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए मांग के अनुरूप भूमि चिन्हित करें अंचलाधिकारीः जिलाधिकारी
मोतिहारी। जिला स्तरीय समन्वय समिति के बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने जिला के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत छूटे हुए पात्र लोगों का नाम जोड़ने के अलग से सूची तैयार करें। वहीं सूची से वैसे लोगों का नाम हटा दें, जो इसके पात्र नहीं हैं। डीएम ने कहा कि महादलित टोलों में प्रखंड विकास पदाधिकारी खुद भ्रमण कर पात्र लोगों को चिन्हित करें एवं उनका नाम सूची में शामिल करें। प्रखंड विकास पदाधिकारी खुद से भौतिक सत्यापन भी करेंगे।
जिला के सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वैसे सभी परिवार जिनको वास भूमि नहीं है। लेकिन उनके द्वारा अंचलों में आवेदन दिए गए हैं उसका भौतिक सत्यापन करते हुए पात्र लाभुकों को सरकारी जमीन उपलब्ध कराये।अगर कोई परिवार पहले से सरकारी जमीन में रह रहे हैं तो उनको वही भूमि सेटल करें। जिलाधिकारी ने कहा कि उपरोक्त दोनों कार्यों को गंभीरता से लेगे।। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता पाए जाने पर कार्रवाई तय है।
सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों, खासकर भूमि विवाद के मामलों का सत्यापन करते हुए अंचल अधिकारी मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं, अन्य प्राप्त आवेदन जिसमें जांच जरूरी है, जांच शीघ्र पूरी करते हुए उसका निष्पादन करें। इसके अतिरिक्त सभी अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सप्ताह में बृहस्पतिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी के साथ बैठक कर समीक्षा करें और इन सभी कार्यों में तेजी लाने के लिए खुद मॉनिटरिंग करें। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों का शत प्रतिशत जांच का निर्देश देते हुए दुकानों की जांच के समय लाभार्थियों का बयान जरूर ले एवं उसके आधार पर इंस्पेक्शन रिपोर्ट बनाएं। कहीं कमी पाई जाती है तो पहले नोटिस का तामिला जरूर करा दें।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी को पर्व त्यौहार के अवसर पर अपने अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत बड़े मिष्ठान भंडार/मिठाई की दुकानों की नियमित जांच करेंगे। रावण दहन जहां भी होना है उस पर विशेष ध्यान देंगे। पूजा पंडाल के पास बड़ा झूला नहीं लगे, इस संबंध में भी जरूरी निर्देश दिए।
जमाबंदी सुधार के लिए चलाए जा रहे अभियान के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अंचल अधिकारी इसे गंभीरता से ले। यह फार्मर आईडी से जुड़ा हुआ है। समीक्षा में पाया गया कि चकिया अंचल में इस पर अच्छा काम हुआ है। लेकिन पहाड़पुर अंचल में असंतोष जनक स्थिति पाए जाने पर अंचल अधिकारी को सख्त निर्देश दिए। जिले में चल रहे कायाकल्प अभियान की समीक्षा की गई एवं शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि जिला में 15 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज स्थापित कराए गए हैं। इन डिग्री कॉलेज के लिए नगर क्षेत्र में 2.5 एकड़ तथा ग्रामीण क्षेत्र 5.0 एकड़ जमीन चिन्हित करने का निर्देश अंचल अधिकारियों को दिया गया था। लिहाजा अधिकांश अंचल अधिकारियों के द्वारा बताया गया की जमीन चिन्हित कर ली गई है।
जिलाधिकारी के द्वारा एक सप्ताह के अंदर सभी से संबंधित अभिलेख जिला राजस्व कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया। उन्होंने उपस्थित सभी विभागीय पदाधिकारी को अपने विभाग से संबंधित सभी लैंड रिकॉर्ड्स जिला बंदोबस्त पदाधिकारी के कार्यालय में भेज देने का निर्देश दिया।अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी भूमि को चिन्हित करते हुए उसका रिकॉर्ड एंट्री कर दें एवं इस आशय का प्रमाण पत्र शीघ्र उपलब्ध करा दें कि उनके अंचल में अब कहीं भी सरकारी भूमि छूटी हुई नहीं है।
उपस्थित जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया की 10 लाख की आबादी पर एक ड्राइविंग सेंटर का निर्माण किया जाना है। जिसके लिए दो एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। इस संबंध में यह भी बताया गया कि एक ड्राइविंग सेंटर लखौरा में बना हुआ है। शेष पांच अनुमंडल के लिए इसकी जरूरत पड़ेगी। नतीजतन जिलाधिकारी ने सभी पांचो अनुमंडल पदाधिकारी को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए।
जिला कल्याण पदाधिकारी के ने बताया कि मधुबन और रक्सौल में आवासीय विद्यालय का निर्माण किया जाना है, जिसके लिए तीन एकड़ जमीन की आवश्यकता है। मधुबन में जमीन चिन्हित हो गई है। डीएम ने अंचल अधिकारी रक्सौल को इसके लिए जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया।
जिला मत्स्य पदाधिकारी ने पीपराकोठी में प्रोसेसिंग प्लांट के लिए दो एकड़ जमीन की आवश्यकता जताई। फलस्वरूप अंचल अधिकारी पीपराकोठी को जरूरी निर्देश दिए। उप विकास आयुक्त ने द बताया कि जिला में कुल 112 ग्रामीण हाट का निर्माण किया जाना है, जिसमें 30 जगह ग्रामीण हाट का निर्माण कराया गया है। शेष जगह जमीन चिन्हित करने के संबंध में अंचल अधिकारी को निर्देश दिए गए।
जबकि अनुमंडल पदाधिकारी सदर को रोईंग क्लब से मुख्य पथ एनएच तक एंक्रोचमेंट हटाने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में जिलाधिकारी के साथ नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, एडीएम लोक शिकायत,एडीएम विभागीय जांच, अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर सहित सभी विभागीय पदाधिकारी, कार्य विभागों के अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

