15 लाख रुपया व चार पहिया वाहन के लिए नवविवाहिता को जहर देकर हत्या का आरोप
आठ माह पूर्व शिखा की हुई थी रघुनाथपुर मे शादी
तुरकौलिया। दहेज में पंद्रह लाख रुपया व चार पहिया वाहन नहीं देने पर ससुराल वालों ने पेय पदार्थ में ज़हर पिलाकर 22 वर्षीय नव विवाहिता शिखा कुमारी की हत्या कर देने का आरोप हैं। घटना शनिवार रात्रि की है।
मेहसी नगर पंचायत वार्ड नम्बर पांच निवासी सत्य देव राय आर्य ने अपनी सबसे छोटी पुत्री शिखा कुमारी की शादी शहर से सटे रघुनाथपुर दुर्गा मंदिर के समीप के निवासी प्रह्लाद रॉय के बड़े पुत्र निशांत कुमार के साथ पिछले फ़रवरी माह मे धूम धाम से की थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति निशांत, देवर श्रीप्रकाश, ननद जूही व शालू अक्सर चार पहिया वाहन व पैसा के लिए प्रताड़ित करते रहते थे।
मायके वालों के अनुसार शनिवार को सभी ने मिलकर जबरन किसी पेय पदार्थ में ज़हर मिलाकर विवाहिता को पिला दिया। पेय पदार्थ पीने के बाद विवाहिता की स्थिति बिगड़ने लगी, स्थिति गंभीर देख कर विवाहिता को ससुराल वाले मोतिहारी के ही एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया। स्थिति चिंताजनक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हॉस्पिटल वालों ने मुज़फ्फरपुर रेफर कर दिया। अगल बगल के लोगों ने घटना की सूचना पीड़िता के पिता को फोन से दी। सूचना मिलते ही पीड़िता के पिता, भाई व परिवार के लोग आनन फानन में मेहसी से मुज़फ्फरपुर पहुंचे।
पीड़िता को एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शनिवार की देर रात्रि पीड़िता की मौत हॉस्पिटल में हो गयी। मृत्यु की जानकारी मिलते ही ससुराल वाले हॉस्पिटल से फरार हो गये। मृतक के पिता, उनके भाई व परिवार के लोग शव को पोस्टमार्टम के बाद मायके मेहसी लाकर रविवार को अंतिम संस्कार किया।
मृतका के भाई ने सत्यकाम ने मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना में आवेदन देकर मृतका के पति ,देवर,ननद सहित चार लोगों के विरुद आवेदन दिया है। रघुनाथपुर थानध्यक्ष धन्यजय कुमार ने बताया की आवेदन के आलोक मे एफआईआर दर्ज कर आरोपितो को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही हैं।

