भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल 153वीं आईपीयू महासभा में हिस्सा लेने तंजानिया रवाना
नई दिल्ली। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल 5 से 9 अक्टूबर तक तंजानिया के अरूशा में होने वाली अंतर संसदीय संघ (आईपीयू) की 153वीं महासभा और उससे संबंधित बैठकों में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गया है।राज्यसभा सचिवालय के अनुसार, आईपीयू महासभा में दुनिया भर के सांसद ‘समावेशिता, विश्वास और सभी के लिए अवसरों के माध्यम से सुशासन को बढ़ावा देने और समुदायों को सशक्त बनाने’ विषय पर चर्चा करेंगे।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, अपराजिता सारंगी, संजय जायसवाल, कमलजीत सहरावत, लता वानखेड़े, बिजुली कलिता मेधी और एन. के. प्रेमचंद्रन तथा राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा शामिल हैं।
हरिवंश आईपीयू की शासी परिषद, आम बहस और आपातकालीन विषय पर होने वाली बहस में हिस्सा लेंगे। वह आईपीयू अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के साथ होने वाली सुनवाई में भी भाग लेंगे।भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य लोकतंत्र एवं मानवाधिकार, शांति एवं अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, सतत विकास, महिलाओं की भागीदारी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, आतंकवाद रोधी उपाय, स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, महत्वपूर्ण खनिज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और काम के भविष्य जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा समुद्री सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन तथा पर्वतीय और समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण सहित समकालीन वैश्विक मुद्दों पर भी विभिन्न बैठकों, पैनल चर्चाओं और कार्यशालाओं में भारतीय प्रतिनिधिमंडल अपनी बात रखेगा।भारत की संसदीय प्रतिनिधिमंडल की यह भागीदारी आईपीयू के साथ उसके निरंतर जुड़ाव और संसदीय कूटनीति, बहुपक्षीय संवाद तथा वैश्विक शांति, विकास, लोकतंत्र और समुदायों के सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न संसदों के बीच सहयोग के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

