80 किलो गांजा लदी इनोवा कार जब्त, दो गिरफ्तार
संग्रामपुर। सूखा नशा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संग्रामपुर पुलिस ने शुक्रवार को अरेराज-हाजीपुर मुख्य पथ एसएच-74 पर थाना के सामने 80 किलो गांजा लदी इनोवा कार को पकड़ा। इस दौरान पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के महुआ सिंह राय वार्ड-16 निवासी सचिन कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा लदी इनोवा कार और गांजा को जब्त कर लिया। दरोगा विकास आनन्द ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ के साथ पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

