सांसद खेल महोत्सव में तलवारबाजी से हुआ खेल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ
– खिलाड़ी निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत को अपनी सफलता का आधार बनाएंः राधा मोहन
मोतिहारी। चंपारण की ऐतिहासिक धरती पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ का शुभारंभ तलवारबाजी प्रतियोगिता के साथ हुआ।
आयोजन को लेकर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, संघर्ष और टीम भावना का निर्माण करता है। खेल के मैदान में खिलाड़ी जिस तरह चुनौतियों का सामना करता है, वही जज्बा उसे जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। चंपारण की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है।

गांवों और कस्बों में अनेक ऐसे युवा खिलाड़ी हैं, जिनमें आगे बढ़ने की अपार क्षमता है, उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और अवसर की आवश्यकता होती है। सांसद खेल महोत्सव ऐसे ही खिलाड़ियों को सामने लाने और उन्हें अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे प्रतियोगिता में परिणाम की चिंता किए बिना पूरे मनोयोग और मेहनत के साथ हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि मैदान से कोई खिलाड़ी हारकर नहीं जाएगा—या तो वह जीतकर जाएगा या फिर कुछ नया सीखकर जाएगा। हार को निराशा के रूप में नहीं, बल्कि अपनी कमियों को पहचानकर आगे बेहतर प्रदर्शन करने की सीख के रूप में लेना चाहिए।
तलवारबाजी प्रतियोगिता के साथ खेल महोत्सव की शुरुआत को विशेष बताते हुए कहा गया कि तलवारबाजी साहस, आत्मसंयम, एकाग्रता और त्वरित निर्णय क्षमता का खेल है। यह खेल खिलाड़ियों में शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता भी विकसित करता है। चंपारण की ऐतिहासिक और संघर्षशील धरती पर इस खेल के आयोजन से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई है।
मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत को अपनी सफलता का आधार बनाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन से चंपारण के अनेक युवा खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे तथा क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करेंगे। सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही चंपारण में खेल प्रतिभाओं को एक नया मंच मिलने की उम्मीद जगी है। आयोजन ने युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी मजबूत किया है।
मौके पर उप महापौर डॉ. लालाबाबू प्रसाद, खेल पदाधिकारी विकास कुमार, संयोजक भानू प्रकाश, सह संयोजक अप्पू कुमार, निगम पार्षद राकेश कुमार, रोचक झा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

