रक्सौल में अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर,मचा हड़कंप

रक्सौल में अतिक्रमणकारियों पर चला बुलडोजर,मचा हड़कंप
Facebook WhatsApp

-नगर परिषद ने चलाया विशेष अभियान, सड़क पर किए गए स्थायी-अस्थायी कब्जे हटाए

रक्सौल। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और सड़क जाम की समस्या को लेकर नगर परिषद ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को शहर के कौड़िहार चौक स्थित सैनिक रोड में नगर परिषद की टीम ने विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए स्थायी एवं अस्थायी कब्जे को बुलडोजर की सहायता से हटाया गया। नगर परिषद के  अचानक चले इस अभियान से अतिक्रमणकारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने कार्रवाई शुरू होते ही सड़क पर रखे सामान एवं अन्य सामग्री को हटाना शुरू कर दिया। वहीं नगर परिषद की टीम ने सड़क की सीमा में आने वाले अतिक्रमण को हटाकर आवागमन को सुचारू कराने का प्रयास किया। अभियान का नेतृत्व नगर परिषद के सफाई इंस्पेक्टर रामनरेश कुशवाहा ने किया। उन्होंने बताया कि कौड़िहार चौक और सैनिक रोड में सड़क के किनारे स्थायी एवं अस्थायी रूप से अतिक्रमण किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो रही थी और वाहनों के आवागमन में परेशानी के साथ-साथ आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण नहीं हो, इसके लिए नगर परिषद की ओर से आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही गई है। नगर परिषद की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि कौड़िहार चौक शहर का महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां दिनभर वाहनों एवं राहगीरों की आवाजाही रहती है। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण अक्सर आवागमन प्रभावित होता था। अतिक्रमण हटने से सड़क पर यातायात व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page