बिना वैध अनुज्ञप्ति संचालित मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई, नारकोटिक दवाइयां जब्त
संग्रामपुर। औषधि विभाग द्वारा प्रखंड में अवैध रूप से दवाइयों के विक्रय व नारकोटिक दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम के निरीक्षण अभियान के तहत सोमवार को सघन जांच अभियान चलाया गया। मधुबनी मठ के समीप मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सुप्रिया हेल्थ केयर/निशा मेडिकल केयर, मधुबनी में दवा दुकान का संचालन बिना वैध अनुज्ञप्ति के किया जा रहा था। ड्रग इस्पेक्टर सागर सोनी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से नारकोटिक एनडीपीएस से संबंधित दवाइयों का भंडारण भी पाया गया।
मौके पर उपलब्ध दवाइयों की जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के पश्चात संबंधित दवाइयों को जब्ती सूची तैयार कर नियमानुसार जब्त किया गया । इस प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट 1985 एवं औषधि संबंधी प्रचलित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई हेतु थाना को आवेदन दिया गया है।
वही कोटवा थाना क्षेत्र राजपुर मठिया गांव के कन्हैया कुमार पंडित को पकड़ थाना को दिया गया। जिसका मधुबनी बड़ा मठ दवा दुकान है जिसे सील कर दिया गया। प्रकरण में संलिप्तता एवं दवाइयों के स्रोत की जांच की जा रही है।
औषधि विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि नशीली एवं नारकोटिक दवाइयों का अवैध भंडारण व विक्रय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा व ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि यह कार्रवाई आगे जारी रहेगा।

