भारत को जानो परीक्षा में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ो छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
– अखिल भारतीय लिखित परीक्षा के विजेता प्रतिभागी क्विज में लेंगे हिस्सा
रक्सौल। भारत विकास परिषद, के तत्वावधान में आयोजित ‘भारत को जानो’ अखिल भारतीय लिखित परीक्षा–2026 में रक्सौल के विभिन्न सहभागी विद्यालयों के करीब 400 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में परिषद के सदस्य परीक्षक एवं पर्यवेक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसमें कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल, संत माइकल इंग्लिश स्कूल, एसएवी. स्कूल, चंद्रशील इंग्लिश स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर,जयंत एकेडमी, एम. जी. एम. इंटरनेशनल स्कूल, डी. पी. एम. स्कूल एवं भारती पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा की अवधि 30 मिनट निर्धारित थी। विद्यार्थियों को भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपरा, ज्ञान-विज्ञान, महापुरुषों एवं राष्ट्रीय गौरव से संबंधित 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का उत्तर देना था।
भारत विकास परिषद शाखा – रक्सौल के इस आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एव विद्यार्थियों में उत्साह का वातावरण रहा। परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने बताया कि सभी सहभागी विद्यालयों के प्रबंधन एवं शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा। उनके सहयोग से सभी विद्यालयों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ परीक्षा में सहभागिता की। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि ‘भारत को जानो’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भारत की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और ज्ञान परंपरा से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में भारत के प्रति जिज्ञासा, गौरव और राष्ट्रीय चेतना विकसित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। रक्सौल शाखा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए संकल्पबद्ध है।
संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों के उत्साह और उनकी सहभागिता से यह स्पष्ट है कि नई पीढ़ी अपने देश के इतिहास और संस्कृति को जानने के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनमें संस्कार, आत्मविश्वास और राष्ट्रबोध को भी मजबूत करती हैं।
वहीं परीक्षा के परिणाम के आधार पर प्रत्येक सहभागी विद्यालय के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी शाखा स्तरीय प्रश्न-मंच (क्विज कॉन्टेस्ट) में भाग लेने के पात्र होंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी ज्ञान एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करने का एक और अवसर मिलेगा।
भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा को सफलतापूर्वक संपादित कराने में रक्सौल शाखा के सुनील कुमार, उमेश सिकारिया, बिमल कुमार सर्राफ, सीताराम गोयल, मनोज कुमार, आलोक कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार, रमेश कुमार, अजय कुमार, किरण जायसवाल, सुरेश धानोठिया, संगीता धानोठिया, दिनेश प्रसाद, अरविंद जायसवाल, विनोद कुमार, संतोष कुमार, बिनोद रौनियार, अशोक कुमार, विवेक कुमार चौरसिया एवं शरद सर्राफ ने उल्लेखनीय योगदान दिया।
इसकी जानकारी परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी है।

