जेन जी का शिक्षा, रोजगार और छात्रों के अधिकारों की मांग को लेकर 6 सितंबर को पटना में जन संवाद
सुगौली।बेहतर शिक्षा, निष्पक्ष परीक्षा,रोजगार और छात्रों के अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ जेन जी की आवाज अब पटना में गूंजेगी। इसे लेकर आइसा और इंकलाबी नौजवान सभा के बैनर तले नगर के अंबेडकर चौक स्थित बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोहम्मद नेमातुल्लाह, पार्थिक कुमार शाह और वलीउल्लाह ने संयुक्त रूप से की।
इस अवसर पर आगामी 6 सितंबर 2026 को पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले छात्र-नौजवान संवाद कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, परीक्षाओं में अनियमितता, बेरोजगारी और छात्रों के अधिकारों पर बढ़ते हमलों के खिलाफ छात्र-नौजवानों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
कार्यक्रम में आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, जंतर-मंतर आंदोलन से जुड़े इरफान, जेएसएससी आंदोलन रांची की प्रमुख आवाज हबीबा तथा भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दीपांकर भट्टाचार्य छात्र-नौजवानों के सवालों पर सीधा संवाद करेंगे। बैठक में मौजूद छात्र-नौजवानों ने कहा कि पूर्वी चंपारण से सैकड़ों की संख्या में युवा पटना पहुंचेंगे और चंपारण के छात्र-नौजवानों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को आश्वासन नहीं, बल्कि सम्मानजनक और सीधे रोजगार के अवसर चाहिए। बैठक में फैज अहमद,मोहम्मद तौसीफ, मोहम्मद आजाद, मंजय कुमार, रागिब अनवर, मोहम्मद बरकतुल्लाह, भाकपा-माले राज्य कमिटी सदस्य शबनम खातून, सुगौली प्रखंड सचिव मोहम्मद इस्राफील, तारा चंद भगत और मास्टर भोला राम सहित कई छात्र-नौजवान मौजूद थे।

