ताशकंद पहुंचते ही राष्ट्रपति ने किया मोदी का गर्मजोशी भरा स्वागत, स्वतंत्रता स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि

ताशकंद पहुंचते ही राष्ट्रपति ने किया मोदी का गर्मजोशी भरा स्वागत, स्वतंत्रता स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि
Facebook WhatsApp

ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे, जहां राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने उनका गर्मजोशी भरा स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने इस स्वागत के लिए राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का आभार जताते हुए कहा कि उज्बेकिस्तान की उनकी यह चौथी यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की गहराई और उनमें लगातार बढ़ती गति को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ताशकंद पहुंचने के बाद ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ”ताशकंद पहुंचा, जहां राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने गर्मजोशी से मेरा स्वागत किया। इस विशेष भाव के लिए मैं उनका आभारी हूं।” उन्होंने उज्बेक भाषा में भी अपने संदेश को साझा किया।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने यांगी उज्बेकिस्तान पार्क स्थित स्वतंत्रता स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव भी मौजूद रहे। सैन्य सम्मान के साथ आयोजित औपचारिक समारोह में प्रधानमंत्री ने स्मारक के समक्ष कुछ क्षण खड़े होकर सम्मान व्यक्त किया। बाद में उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव और अन्य अधिकारियों से बातचीत की।

प्रधानमंत्री की 29-30 अगस्त की उज्बेकिस्तान यात्रा उनकी इस देश की चौथी यात्रा है। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, डिजिटल संपर्क और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। दोनों पक्ष भारत के ‘विकसित भारत’ और उज्बेकिस्तान के ‘यांगी उज्बेकिस्तान’ के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार करेंगे।

प्रधानमंत्री की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और उज्बेकिस्तान के संबंधों में सहयोग के नए क्षेत्रों का विस्तार हो रहा है। दोनों देश राजनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा, ऊर्जा, डिजिटल और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अपने संबंधों को और गति देने पर जोर दे रहे हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page