दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने 200 ईवी बसों, ‘लेडीज स्पेशल बस सेवा’ को दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को 200 नई इलेक्ट्रिक बसों, दिल्ली-करनाल अंतरराज्यीय ईवी-बस सेवा और लेडीज स्पेशल बस सेवा का हरी झंडी दिखाई।इसके साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के राजघाट डिपो-I में ईवी चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन भी किया। यह ईवी चार्जिंग स्टेशन लगभग 5.50 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इस मौके पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, स्थानीय विधायक सूर्य प्रकाश खत्री मौजूद रहे।
उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘शक्ति की सप्त-धारा’ की सोच से प्रेरित ये पहल सस्टेनेबल मोबिलिटी को मजबूत करती हैं और साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित इन ‘लेडीज स्पेशल बसों’ में पैनिक बटन भी होंगे जो सीधे दिल्ली पुलिस की 112 पीसीआर सेवा से जुड़े होंगे, जिससे आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद मिल सकेगी।उपराज्यपाल ने कहा कि ‘ईज ऑफ लिविंग’, सस्टेनेबल मोबिलिटी और ‘विकसित भारत 2047’ की राह पर एक साफ-सुथरे, हरे-भरे और सुरक्षित विकसित दिल्ली की दिशा में यह एक अहम कदम है।
उल्लेखनीय है कि 200 नई ईवी बसों के डीटीसी के बेड़े में शामिल होने से बसों की कुल संख्या लगभग 6800 हो गई है, जिसमें 4938 इलेक्ट्रिक बसें और 1750 सीएनजी बसें शामिल है। इसे साथ ही डीटीसी ने दिल्ली-करनाल रूट पर पांच पूरी तरह से इलेक्ट्रिक, एयर-कंडीशन्ड बसें शुरू की है। यह बस सेवा लगभग 133 किलोमीटर लंबे वन-वे कॉरिडोर पर दोनों दिशाओं में रोजाना 10 ट्रिप की सुविधाएं देगी।
यह रूट महाराणा प्रताप आईएसबीटी कश्मीरी गेट को सीधे हरियाणा के करनाल से जोड़ेगा, जिसमें सिंघू बॉर्डर, राय, भालगढ़, मुरथल, गन्नौर, समालखा, पानीपत, घरौंदा और मधुबन समेत कई महत्वपूर्ण स्थान शामिल है। ये बसें दिल्ली को बरौत, सोनीपत, धारूहेड़ा, पानीपत और रोहतक से जोड़ती हैं, जिससे जीरो-एमिशन वाले पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नेटवर्क राजधानी दिल्ली की सीमाओं से बाहर तक फैल रहा है।
महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और पहुंच को और ज्यादा बेहतर बनाने के लिए डीटीसी महिलाओं के लिए विशेष तौर पर 56 इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की है। इनमें ज़्यादा डिमांड वाले 15 रूटों पर ‘लेडीज स्पेशल’ की 30 ट्रिप और 13 रूट पर ‘यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल’ (यू-एसपीएल) की 26 ट्रिप शामिल हैं।
यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल बस सेवा हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, दौलत राम कॉलेज, श्रीराम कॉलेज, एलएसआर, गार्गी कॉलेज, एआरएसडी, हंसराज कॉलेज, एसपीएम कॉलेज, देशबंधु कॉलेज और एजीजीएससीसी जैसे कई प्रमुख संस्थानों के लिए विशेष कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इको-सिस्टम को और ज्यादा मजबूत बनाने की कोशिशों के तहत डीटीसी ने राजघाट डिपो-I पर एक पब्लिक ईवी चार्जिंग स्टेशन भी बनाया है। लगभग 5.50 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह ईवी चार्जिंग स्टेशन शहर के ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

